सोनौली बॉर्डर: कस्टम विभाग के आला अधिकारियों का दौरा, सुविधाओं के डिजिटल सुधार पर दिया जोर
सोनौली बॉर्डर: कस्टम विभाग के आला अधिकारियों का दौरा, सुविधाओं के डिजिटल सुधार पर दिया जोर


आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर आज सुबह से ही कुछ अलग नजारा देखने को मिला। कस्टम कार्यालय में हलचल तेज रही और अधिकारी पूर्ण वर्दी में मुस्तैद दिखे। पूरे कस्बे में वाहनों का जाम नहीं के बराबर रहा, जिससे यात्रियों को बिना किसी बाधा के भारत-नेपाल सीमा पार करते देखा गया। दोपहर तक सब कुछ व्यवस्थित नजर आया, हालांकि दोपहर बाद पुनः सामान्य स्थिति लौट आई।
इस विशेष हलचल का कारण रहा कस्टम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का एक साथ सोनौली बॉर्डर पर दौरा। जानकारी के अनुसार, आज दोपहर को योगेंद्र गर्ग, सदस्य IT & TPS, CBIC,संजय गुप्ता, मुख्य आयुक्त, कस्टम दिल्ली,रणजीत कुमार, आयुक्त (निवारक) लखनऊ,तपन कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक, DGs & DM,
ऋग्वेद ठाकुर, संयुक्त आयुक्त (आईटी एवं सीवी),वैभव कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक, DGs & DM,अनीश गुप्ता, एडीसी, कस्टम (निवारक), तथा पुनीत गुनावत, संयुक्त आयुक्त, अमृतसर,की संयुक्त टीम सोनौली सीमा पर पहुंची। बॉर्डर पर पहुंचने के बाद टीम ने सबसे पहले स्थल सीमा शुल्क कार्यालय सोनौली में उप सहायक आयुक्त और अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर सीमा पर हो रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इसके उपरांत टीम ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा तथा प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया।
योगेंद्र गर्ग ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सोनौली कस्टम कार्यालय में फिलहाल कौन-कौन सी प्रक्रियाएं ऑनलाइन हैं और किन हिस्सों में अभी भी मैन्युअल व्यवस्था काम कर रही है, इसकी समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि जिन कार्यों में अभी भी मैन्युअल टच है, उन्हें निकट भविष्य में तकनीकी रूप से उन्नत और अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों और व्यापारियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इस दौरान सीमा शुल्क सोनौली के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अधिकारियों को पूरी जानकारी दी।
बता दे की यह दौरा सोनौली बॉर्डर पर सीमा शुल्क की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यात्रियों और व्यापारियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





