सोनौली बॉर्डर पर सतर्कता, नेपाली सीमा में कर्फ्यू जारी, सेना तैनात

सोनौली बॉर्डर पर सतर्कता, नेपाली सीमा में कर्फ्यू जारी, सेना तैनात
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर इन दिनों हाई अलर्ट पर है। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में रूपंदेही (भैरहवां) में
अशांति को देखते हुए नेपाली प्रशासन ने सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक के लिए कर्फ्यू लागू कर दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नेपाली सेना सड़कों पर गश्त कर रही है। बीते तीन दिनों से नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में जारी अशांति के कारण हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशांति के दौरान नेपाल में कुछ भारतीय पर्यटकों से लूटपाट की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे भारतीय नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त है। हालांकि अब धीरे-धीरे नेपाल से भारतीय पर्यटकों की वापसी शुरू हो गई है।
वर्तमान में नेपाली सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है। व्यवसाय, दुकानें और आम जनजीवन लगभग ठप हो गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से कर्फ्यू को सख्ती से लागू किया जा रहा है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सेना और पुलिस की कड़ी नजर है।
सोनौली के भारतीय सीमा मे सतर्कता और सख्त जांच
भारत की ओर, सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। भारतीय पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है, विशेषकर भारतीय नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों की अच्छी तरह से पुष्टि की जा रही है।
सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं, ताकि नेपाल की स्थिति का कोई भी नकारात्मक असर भारतीय सीमा पर न पड़े।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





