सोनौली बॉर्डर पहुंचे मंडलायुक्त, नेपाल में हिंसा के चलते सीमा सुरक्षा का लिया जायज़ा
सोनौली बॉर्डर पहुंचे मंडलायुक्त, नेपाल में हिंसा के चलते सीमा सुरक्षा का लिया जायज़ा, सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
नेपाल राष्ट्र में चल रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए बुधवार देर शाम मंडलायुक्त गोरखपुर मंडल, डीआईजी गोरखपुर, पुलिस अधीक्षक महराजगंज, जिलाधिकारी महराजगंज और एसएसबी अधिकारियों के साथ भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और मौजूद सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के स्पष्ट निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि नेपाल में जारी आंदोलन की वजह से सीमा क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से सजग और तैयार है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देशित किया कि सीमा पर आवागमन की निगरानी और कड़ी की जाए, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर चौकसी और सुरक्षा बढ़ाने को भी कहा गया। एसएसबी और स्थानीय पुलिस बल को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य करने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। मंडलायुक्त ने यह भी आश्वस्त किया कि आम जनमानस की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी हालात से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा चुके हैं। अंत में मंडलायुक्त ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद है और प्रशासन हर स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। सीमा क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने हेतु सुरक्षा बलों की तैनाती और गश्त को भी बढ़ाया गया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।








































