भैरहवा भंसार कार्यालय में मैन्युअल प्रक्रिया से शुरू हुआ काम, नेपाल से भारत भेजा गया सीमेंट लदा ट्रक
भैरहवा भंसार कार्यालय में मैन्युअल प्रक्रिया से शुरू हुआ काम, नेपाल से भारत भेजा गया सीमेंट लदा ट्रक
नेपाल में कर्फ्यू जारी; भारत से नेपाल जाने वाली ट्रकों की आवाजाही पर रोक।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: सोनौली बॉर्डर से सटे नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय में गुरुवार से कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है। पिछले कई दिनों से रुके हुए व्यापारिक गतिविधियों को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। आज से नेपाल से भारत आने वाले माल-सामान को मैन्युअल तरीके से दर्ज कर भारत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुरुवार दोपहर भैरहवा भंसार कार्यालय में मैन्युअल लिखा-पढ़ी के माध्यम से सीमेंट से लदे कई ट्रकों को भारत भेजा गया। ये ट्रक कई दिनों से भैरहवा भंसार (कस्टम) में खड़े थे। वहीं, भारत से नेपाल जाने वाली ट्रकों की आवाजाही को पूरी तरह से रोका गया है, जिससे नेपाल के व्यापारियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
नेपाल में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक पूरे क्षेत्र में कर्फ्यू लागू है, जिसके चलते स्थानीय नागरिकों की आवाजाही भी सीमित है।
इस बीच, भारतीय पर्यटकों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत नेपाल से भारत की सीमा तक पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके।
सीमा पर स्थिति पर दोनों देशों की प्रशासनिक एजेंसियां निगरानी बनाए हुए हैं ।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





