किशोरी पर तेंदुए का हमला,घायल किशोरी का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

किशोरी पर तेंदुए का हमला, नोच डाला
चेहरे का मांस, घायल किशोरी का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
आई एन न्यूज चौक डेस्क:
मधवालिया रेंज क्षेत्र की 24 नर्सरी निवासी 15 वर्षीय प्रियंका मधेशिया पुत्री स्वर्गीय शिवशंकर मधेशिया पर मंगलवार की आधी रात तेंदुए ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किशोरी रात करीब ढाई बजे अपने मकान के बरामदे में सो रही थी कि अचानक तेंदुआ उस पर झपट पड़ा। हमले में उसके चेहरे का मांस नोच लिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई।
लड़की की चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला। आनन-फानन में परिजनों ने उसे चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। लोग वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





