शारदीय नवरात्रि को लेकर सोनौली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट, मांस बिक्री को लेकर सख्त हिदायतें
शारदीय नवरात्रि को लेकर सोनौली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट, मांस बिक्री को लेकर सख्त हिदायतें
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
शारदीय नवरात्रि के मद्देनज़र भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित महत्वपूर्ण कस्बा सोनौली पूरी तरह से चौकन्ना है। धार्मिक भावनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है।
मंगलवार को सोनौली चौकी प्रभारी बृजभान यादव ने अपनी पुलिस टीम के साथ कस्बे के अति संवेदनशील क्षेत्रों – जुगौली, मंगरहिया बाजार और एसएसबी रोड पर स्थित चिकन-मटन की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मांस विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि शारदीय नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक किसी भी दुकान पर खुलेआम मांस लटका हुआ नहीं दिखाई देना चाहिए। धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
चौकी प्रभारी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि किसी दुकान पर खुले में मांस लटकता पाया गया, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विजयदशमी (दशहरा) के दिन सभी मांस की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी।
उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे नवरात्रि के दौरान साफ-सफाई और मर्यादा का विशेष ध्यान रखें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की इस कार्यवाही से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया और कई समाजसेवियों ने भी प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





