स्वच्छता को जीवन का अंग बनाना होगा: भुवनेश्वर नाथ
स्वच्छता को जीवन का अंग बनाना होगा: भुवनेश्वर नाथ
लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पी.जी. कॉलेज में “स्वच्छता ही सेवा है – 2025” कार्यक्रम संपन्न।
आई एन न्यूज आनंदनगर डेस्क:
लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पी.जी. कॉलेज, आनंदनगर में आज “स्वच्छता ही सेवा है – 2025″ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और कृषक भारती को-ऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) महराजगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरणविद एवं कृषि वैज्ञानिक भुवनेश्वर नाथ पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा, “इस वर्ष का ‘स्वच्छता ही सेवा है’ अभियान ‘स्वच्छोत्सव’ थीम पर आधारित है, जो उत्सव की भावना को स्वच्छता की जिम्मेदारी से जोड़ता है। स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब हर नागरिक इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए।” उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हर व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए और फिर उसे अपने परिवार, मोहल्ले और कार्यस्थल तक फैलाना चाहिए।
कृभको महराजगंज के क्षेत्रीय अधिकारी रविप्रकाश यादव ने कहा कि “स्वच्छता एक राष्ट्र की पहचान होती है। स्वस्थ राष्ट्र ही वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त करता है।”
कृभको आनंदनगर के केंद्र प्रभारी आर.एन. सिंह ने भी “स्वच्छता ही सेवा है” विषय पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राम पाण्डेय ने कहा कि “स्वच्छता एक व्यक्ति का कार्य नहीं, बल्कि एक सामूहिक अभियान है। यदि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में देखना है तो स्वच्छता को अभी से अपनाना होगा।” उन्होंने मानसिक और शारीरिक स्वच्छता दोनों पर बल देने की आवश्यकता बताई।
मंच संचालन डॉ. बाल गोविंद मौर्य ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण – डॉ. शिव प्रताप सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. बृजेश कुमार वर्मा, उमेश चंद्र तिवारी, डॉ. चंद्र प्रकाश, डॉ. जितेंद्र प्रसाद, डॉ. डी.के. चौबे, डॉ. बी.के. मालवीय, सहित अनेक शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





