सोनौली: 25 लाख की स्मैक के साथ नेपाल के तीन तस्कर गिरफ्तार
सोनौली में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 25 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हरदी डाली में एसएसबी की 66वीं वाहिनी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। टीम ने इनके पास से करीब 25 लाख रुपये कीमत की स्मैक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी कोतवाल सोनौली महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदी डाली की ओर से बाइक पर सवार तीन युवक स्मैक लेकर कैथवलिया उर्फ बरगदही गांव स्थित बड़े मुर्गी फार्म की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसएसबी 66वीं वाहिनी के जवानों और सोनौली कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बाइक से आते संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के थैले में रखी गई 25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम खूबलाल केवट, मोहित केवट और रजनीश कुमार निषाद बताया। तीनों आरोपी ग्राम कंचनपुर, पोस्ट सूर्यपुरा, जिला रुपंदेही, नेपाल के निवासी बताया है।
इस मामले में सोनौली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।





