सोनौली बॉर्डर पर उज़्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार
सोनौली बॉर्डर पर उज़्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर शनिवार को इमिग्रेशन अधिकारियों ने एक उज़्बेकिस्तान की महिला को हिरासत में ले लिया। महिला इमिग्रेशन कार्यालय में अपने पासपोर्ट पर डिपार्चर स्टांप लगवाने पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों को उसके द्वारा दिखाया गया प्रवेश प्रपत्र (एंट्री डाक्यूमेंट) संदिग्ध लगा, जिसे बाद में अवैध पाया गया।
इमिग्रेशन अधिकारियों के अनुसार, उक्त महिला नेपाल से भारत में प्रवेश करने के लिए बॉर्डर पार कर करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित भारतीय इमिग्रेशन कार्यालय तक पहुंची थी। जब उसने भारत में प्रवेश की अनुमति के लिए दस्तावेज़ प्रस्तुत किए, तो उसकी जांच में कई खामियां सामने आईं। दस्तावेज़ की वैधता पर संदेह होने पर अधिकारियों ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया।
महिला से प्रारंभिक पूछताछ के बाद इमिग्रेशन विभाग ने उसे आवश्यक जांच-पड़ताल पूरी करने के उपरांत सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इमिग्रेशन अधिकारियों की तहरीर पर उसके विरुद्ध विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी सोनौली ने बताया कि उज़्बेक नागरिक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। मामले की जांच जारी है कि वह महिला भारत में किस उद्देश्य से प्रवेश करना चाहती थी और उसे अवैध दस्तावेज़ कहां से प्राप्त हुए।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश.





