नौतनवा :सिपाही को धक्का मारकर भाग रही संदिग्ध पिकअप पलटी, 210 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
नौतनवा :सिपाही को धक्का मारकर भाग रही संदिग्ध पिकअप पलटी, 210 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतनवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अभियान के क्रम में संदिग्ध पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई, हालांकि वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष नौतनवा पुरुषोत्तम राव को सूचना मिली थी कि शराब तस्कर इस मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर नौतनवा चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता के नेतृत्व में हे0का0 परविन्दर सिंह, कांस्टेबल हिमांशु सिंह व कांस्टेबल राजकुमार यादव द्वारा दोपहर के समय सुंडी घाट तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।
इसी दौरान विपरीत दिशा से गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर एक पिकअप वाहन संख्या UP56 AT 9228 तेज गति से जाता दिखाई दिया। कांस्टेबल हिमांशु सिंह ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने सिपाही को धक्का मारते हुए वाहन को भगाने की कोशिश की। कुछ ही दूरी पर पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी कुल 280 प्लास्टिक बोतलों में 210 लीटर ओल्ड मंक अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि इस मामले में मु0अ0सं0–16/2026, धारा 281, 121(1) बीएनएस एवं 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
महाराजगंज उत्तर प्रदेश।





