नौतनवा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पहुंची पुलिस
नौतनवा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पहुंची पुलिस
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नगर के बिस्मिल शाह नगर मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान शुभम कुमार उर्फ विकास (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार की शाम उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। परिजनों को जानकारी होने पर उसे तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आज सुबह करीब 7 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में केवल एक भाई हैं। बड़ा भाई आकाश कपड़े की दुकान पर काम करता है, जबकि शुभम लोन लेकर ई-रिक्शा चलाता था। जानकारी के अनुसार उसने समूह से भी कुछ धनराशि उधार ली थी। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में था।
घटना की सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सीओ नौतनवा अंकुर गौतम ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की खबर फैलते ही नगर के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





