नौतनवा: गैस के लिए लाइन में लगे सिलेंडर उठाकर ले गई पुलिस, मचा हड़कंप
नौतनवा: गैस के लिए लाइन में लगे सिलेंडर उठाकर ले गई पुलिस, मचा हड़कंप,उपभोक्ताओं में रोष

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
कस्बे में रसोई गैस की किल्लत अब एक नई समस्या का रूप लेती जा रही है। गैस सिलेंडर लेने के लिए सड़क पर लाइन लगाना अब उपभोक्ताओं को भारी पड़ रहा है। प्रशासन के सख्त रुख के चलते पुलिस ने सड़क पर रखे सिलेंडरों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया, जिससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि कस्बे में पीडब्ल्यूडी कार्यालय नौतनवा के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे से ही सैकड़ों उपभोक्ता रसोई गैस के लिए सिलेंडर लगाकर लाइन में खड़े थे। आज बुधवार की सुबह करीब 9:00 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों से तुरंत सिलेंडर हटाने को कहा। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अब सभी को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस मिलेगी और सड़क पर लाइन लगाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस की चेतावनी के बाद अधिकांश लोगों ने अपने-अपने सिलेंडर हटा लिए, लेकिन करीब आधा दर्जन सिलेंडर मौके पर ही पड़े रह गए। पुलिस ने इन सिलेंडरों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे कस्बे में चर्चा का माहौल गर्म हो गया है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष नौतनवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के सिलेंडर पुलिस द्वारा उठाए गए हैं, वे थाने आकर पासबुक दिखाकर अपना सिलेंडर वापस ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसडीएम नौतनवा के निर्देश पर अब सड़क पर सिलेंडर की लाइन लगाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और सभी को होम डिलीवरी की सुविधा दी जाएगी।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब उन्हें समय पर होम डिलीवरी नहीं मिल रही, तो वे सड़क पर लाइन भी नहीं लगा सकते, ऐसे में भोजन बनाना मुश्किल हो जाएगा।
गैस संकट को लेकर लोग गैस एजेंसी संचालकों के साथ-साथ प्रशासन और सरकार पर भी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कस्बे में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


