नेपाल भागने की फिराक में था तस्कर, सोनौली पुलिस ने किया गिरफ्तार
नेपाल भागने की फिराक में था तस्कर, सोनौली पुलिस ने किया गिरफ्तार, 11 लाख का हीरोइन बरामद
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को दबोचते हुए उसके पास से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवा यादव (22 वर्ष), पुत्र केदार यादव, निवासी लक्ष्मीनगर टोला बैकुण्ठपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल की ओर जाने की फिराक में था और न्यू एसएसबी रोड पर संदिग्ध हालत में घूम रहा था। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर सख्ती से तलाशी ली, तो उसके पास से करीब 11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी जा रही है।
थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोका गया और जांच के दौरान यह बड़ा खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि सीमा पर नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद तस्करों में खौफ का माहौल है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


