भारतीय सीमा में घुसकर युवक को उठा ले गई नेपाल पुलिस: मामला गरमाया, आया नया मोड़
भारतीय सीमा में घुसकर युवक को उठा ले गई नेपाल पुलिस: मामला गरमाया, आया नया मोड़
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर बुधवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। नेपाल के आर्म् पुलिस फोर्स (APF) नेपाल और नेपाल पुलिस के जवान कथित तौर पर भारतीय सीमा में घुस आए और एक युवक को पकड़कर घसीटते हुए नेपाल की ओर ले गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सरहद के दोनों ओर इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया, वहीं भारतीय सीमा क्षेत्र में व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारतीय सीमा में इस तरह की कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। खासतौर पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई।
बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए भारतीय पुलिस और एसएसबी तत्काल हरकत में आई।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, समन्वय स्थापित कर नेपाल ले जाए गए युवक को वापस भारत लाया गया। इसके बाद युवक की माता को बुलाकर एसएसबी और पुलिस की मौजूदगी में उसे सुपुर्द कर दिया गया।
भारतीय पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए नेपाल पुलिस को भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले उचित समन्वय बनाए रखने की स्पष्ट हिदायत दी है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



