महराजगंज में जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण, प्रगणकों को दिए अहम निर्देश
महराजगंज में जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण, प्रगणकों को दिए अहम निर्देश
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: जनगणना कार्य को सफल और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में विशेष समेकित विद्यालय, धनेवा-धनेई में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण का जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और प्रगणकों (एन्यूमरेटर) को दिए जा रहे प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रगणकों को समुचित और प्रभावी प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू और बिना त्रुटि के संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने प्रशिक्षण में उपस्थित प्रगणकों को जनगणना के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह कार्य देश के विकास और योजनाओं के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने सभी प्रगणकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता और पूरी सावधानी से ग्रहण करें, जिससे फील्ड कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनपद में स्वगणना (Self Enumeration) का कार्य 07 मई से 21 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके पश्चात प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा।
अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जिले के सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें।
महाराजगंज -उत्तर प्रदेश.



