लखनऊ में फिर गूंजी नौतनवा की आवाज़
“लखनऊ में फिर गूंजी नौतनवा की आवाज़, विधायक ऋषि त्रिपाठी की पहल पर जर्जर अस्पताल को मिलेगा नया भवन”
नौतनवा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
ऋषि त्रिपाठी ने एक बार फिर नौतनवा
की जनता की मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आज लखनऊ में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात कर नौतनवा नगर में स्थित पुराने एवं जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्थान पर नए भवन के निर्माण की मांग की।
विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि नौतनवा कस्बे का यह अति प्राचीन अस्पताल वर्षों से उपेक्षा का दंश झेल रहा है। भवन की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है।
विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए भवन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन से नौतनवा विधानसभा क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के बाद विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नौतनवा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि नए अस्पताल भवन का निर्माण होता है तो नौतनवा और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। जनता को अब उम्मीद है कि वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़ा यह अस्पताल जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के रूप में दिखाई देगा।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



