सोनौली पुलिस और एसएसबी ने पकड़ी करोड़ों के मादक पदार्थ की खेप

सोनौली पुलिस और एसएसबी ने पकड़ी करोड़ों के मादक पदार्थ की खेप
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता का गांजा) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बीती रात थाना सोनौली पुलिस और 22वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मो. इदरीश (34 वर्ष), पुत्र वीर मोहम्मद, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मु.अ.सं. 51/2026 के तहत धारा 8/20/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि बरामद हाइड्रोपोनिक वीड अत्यंत महंगी और उच्च गुणवत्ता की मादक सामग्री है, जिसकी तस्करी अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से की जाती है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *