नौतनवा में12.91 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक अग्निशमन केंद्र”विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया निरीक्षण

नौतनवा में12.91 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक अग्निशमन केंद्र”विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया निरीक्षण।
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग अब साकार होती दिखाई दे रही है। नौतनवा के ग्राम मुड़िला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट 12.91 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है। शनिवार को विधायक ऋषि त्रिपाठी ने एसडीएम नवीन कुमार के साथ निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग और जरूरत को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 12.91 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर नौतनवा वासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी है। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटनाओं के दौरान लोगों को अब तक भारी परेशानियों और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता था, लेकिन अग्निशमन केंद्र शुरू होने के बाद कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक फायर ब्रिगेड की सेवाएं कुछ ही मिनटों में उपलब्ध हो सकेंगी।
निर्माणाधीन अग्निशमन केंद्र परिसर में तीन मंजिला दो आधुनिक भवन बनाए जा रहे हैं। इनमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 21 आवासीय फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य प्रवेश द्वार के समीप बनने वाले भवन में अग्निशमन विभाग का कार्यालय संचालित होगा। साथ ही परिसर में ट्यूबवेल का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसके माध्यम से फायर ब्रिगेड के वाहनों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। कर्मचारियों के आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों के लिए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब तक आग लगने की घटनाओं के दौरान मुख्यालय से दमकल वाहन पहुंचने में देरी होने के कारण लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता था।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *