नौतनवा रेलवे अंडरपास के पास मिला सेवानिवृत्त सैनिक का शव, पुलिस जांच में जुटी
नौतनवा रेलवे अंडरपास के पास मिला सेवानिवृत्त सैनिक का शव, पुलिस जांच में जुटी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। कस्बे के राजेंद्र नगर मोहल्ले स्थित रेलवे अंडरपास के समीप मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की जेब से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल के माध्यम से संपर्क करने पर उसकी पहचान श्रीनिवास सिंह चौहान पुत्र राजभान सिंह चौहान, निवासी गायत्री नगर, थाना विश्वविद्यालय, जिला रीवा (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार मृतक रात में नशे की हालत में रेलवे अंडरपास के पास मौजूद था। स्थानीय लोगों ने उसे नशे में समझकर वहीं छोड़ दिया। मंगलवार सुबह जब लोगों ने उसे उसी स्थान पर अचेत अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। फोन पर मृतक की बेटी ने बताया कि उनके पिता कुछ घरेलू कारणों से परेशान थे और बद्रीनाथ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने यह भी बताया कि श्रीनिवास सिंह चौहान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे तथा वर्तमान में एक कोयला कारखाने में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वह नेपाल सीमा से सटे नौतनवा क्षेत्र तक कैसे पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है। सूचना मिलने के बाद परिजन महाराजगंज के लिए रवाना हो चुके है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



