अध्यक्ष नौतनवा ने घनश्याम नगर का जाना हाल, सड़क और नाली निर्माण का कार्य होगा शुरू
अध्यक्ष नौतनवा ने घनश्याम नगर का जाना हाल, सड़क और नाली निर्माण का कार्य होगा शुरू
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: बरसों से टूटी सड़कों और बदहाल नालियों की समस्या से जूझ रहे नौतनवा नगर पालिका के वार्ड संख्या-7 स्थित घनश्याम नगर के लोगों के लिए आखिरकार राहत की किरण दिखाई देने लगी है। वार्ड वासियों की लंबे समय से चली आ रही परेशानियों को देखते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी के विशेष प्रयासों और सहयोग से यहां सड़क एवं नाली निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। विधायक के निर्देश पर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी राय जानी और पूछा कि सड़क व नाली का निर्माण किस प्रकार कराया जाए ताकि उसका लाभ सभी लोगों को समान रूप से मिल सके और भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने मौजूद ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य पूरी पारदर्शिता और मजबूती के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए तथा समय-समय पर स्थानीय लोगों की राय भी ली जाए, ताकि विकास कार्य जनभावनाओं के अनुरूप हो सके।
घनश्याम नगर के निवासियों ने सड़क और नाली निर्माण की पहल पर खुशी व्यक्त किया। उनका कहना है कि अब बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर वार्ड सभासद राहुल दुबे, नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक रमाशंकर सिंह, अशोक रौनियार सहित कई सभासदगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



