गांधी चौक पर पुलिस ने रोकी श्रद्धांजलि सभा, युवाओं ने मंदिर में जलाए कैंडल भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि

गांधी चौक पर पुलिस ने रोकी श्रद्धांजलि सभा, युवाओं ने मंदिर में जलाए कैंडल भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क।
बिहार में हुए भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध में सोमवार की शाम नौतनवा नगर के गांधी चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को पुलिस द्वारा अनुमति न होने का हवाला देकर रोक दिए जाने के बाद युवाओं में नाराजगी देखने को मिली। इसके बाद युवाओं ने अपना कार्यक्रम स्थल बदलते हुए माता बननैलिया मंदिर परिसर पहुंचकर भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब सात बजे युवा गांधी चौक पर एकत्र होकर कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने से मना कर दिया। युवाओं ने थाना अध्यक्ष नौतनवा को बताया कि उनका कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और केवल मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जानी है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने बिना अनुमति कार्यक्रम की अनुमति देने से इंकार कर दिया।
पुलिस के सख्त रुख को देखते हुए युवाओं ने गांधी चौक पर कार्यक्रम स्थगित कर दिया और पैदल मार्च करते हुए माता बननैलिया मंदिर पहुंचे। वहां भगवान परशुराम मंदिर के समक्ष कैंडल जलाकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस दौरान उपस्थित युवाओं ने बिहार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। युवाओं ने कहा कि भरत तिवारी की मौत के मामले में सत्य सामने आना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।
कार्यक्रम का नेतृत्व रवि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर बंटी पांडे, संजय तिवारी, राहुल दुबे, मनोज त्रिपाठी, अजय दुबे, उमेश मणि, अवध किशोर मिश्रा, अभय जायसवाल, मदन वर्मा, त्रिभुवन यादव, गौरी जायसवाल, विशाल गौतम, अवधेश चौबे, शैलेश पांडेय, संतोष पांडेय सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *