निषाद समाज को ‘मझवार’ आरक्षण देने की उठी मांग, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी को सौंपा मांग पत्र
निषाद समाज को ‘मझवार’ आरक्षण देने की उठी मांग, नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और निषाद समाज के लोगों ने मंगलवार दोपहर बड़ी संख्या में नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के आवास पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से निषाद समाज को पिछड़ी जाति की सूची से खारिज कर ‘मझवार’ जाति में शामिल करने और आरक्षण का लाभ देने की मांग की गई।
यह कार्यक्रम निषाद समाज के अध्यक्ष डॉ. अनिल निषाद, रामनाथ निषाद और महिला संगठन की नेता गीता निषाद के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया। विधायक से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि निषाद समाज का वास्तविक हक और संवैधानिक अधिकार उन्हें ‘मझवार’ जाति का दर्जा मिलने से ही प्राप्त होगा।
नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने निषाद समाज के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा:
”आपकी यह मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है। मैं आपकी इस आवाज को उत्तर प्रदेश विधानसभा के पटल पर पूरे जोर-शोर से बुलंद करूंगा।”
विधायक से ठोस आश्वासन मिलने के बाद उपस्थित निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं और निषाद समाज के लोगों में भारी प्रसन्नता देखी गई। उन्होंने विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


