आम के पेड़ से लटका मिला 12वीं के छात्र का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
आम के पेड़ से लटका मिला 12वीं के छात्र का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: बागापार पुलिस चौकी क्षेत्र के टोला नदुवा गांव में सोमवार को एक 19 वर्षीय छात्र का शव आम के पेड़ से प्लास्टिक के पट्टे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, टोला नदुवा निवासी संगम चौहान (19) पुत्र रमेश चौहान, जो कक्षा 12 का छात्र था, का शव गांव के पश्चिम स्थित पोखरे के पास एक आम के पेड़ से लटका मिला। सुबह जब ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल बागापार पुलिस चौकी को दी गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता रमेश चौहान ने बताया कि उनके पुत्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


