इटहिया शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम

इटहिया शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा धाम
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क:
सावन माह के पहले सोमवार पर महराजगंज जिले के प्रसिद्ध इटहिया शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महराजगंज के अलावा गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इटहिया धाम पहुंचे।
श्रद्धालु अपने साथ गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में महिलाओं, युवाओं और कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए है। मंदिर परिसर एवं आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेडिंग कर दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को बिना किसी अव्यवस्था के भगवान शिव के दर्शन कराए गए। मंदिर समिति एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की है।
इटहिया शिव मंदिर की धार्मिक मान्यता दूर-दूर तक है। सावन के प्रत्येक सोमवार यहां हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। पहले सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सावन के पहले सोमवार भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही आस्था हर वर्ष सावन में इटहिया धाम को श्रद्धालुओं के विशाल समागम का केंद्र बना देती है।
महाराजगंज,उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *