नगर को स्वच्छ रखने में जनता करे सहयोग : बृजेश मणि त्रिपाठी
नगर को स्वच्छ रखने में जनता करे सहयोग : बृजेश मणि त्रिपाठी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने नगर भ्रमण के दौरान कहा कि नगर की कई ऐसी सड़कें, जो लंबे समय से क्षतिग्रस्त थीं, उनके निर्माण के लिए प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने नगरवासियों से नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। यदि सभी लोग सहयोग करें तो नगर को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिल सकती है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए नगर की नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि नालियां जाम न हों और वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे। इससे जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि वह स्वयं लगातार नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा नालियों में कचरा न फेंकें, ताकि नौतनवा को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त नगर बनाया जा सके।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


