नौतनवां चेयरमैन का औचक निरीक्षण, ठेकेदारों में मचा हड़कंप;
नौतनवां चेयरमैन का औचक निरीक्षण, ठेकेदारों में मचा हड़कंप;बोले- गुणवत्ता से समझौता नहीं, जनता भी रखे विकास कार्यों पर नजर”
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क।
नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने बुधवार सुबह नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण से निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदारों और संबंधित कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने निर्माणाधीन सड़कों, नालियों तथा अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता को परखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी गुणवत्ता के साथ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए नगर पालिका लगातार कार्य कर रही है और प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित निगरानी भी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराए जाएं तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि यदि किसी वार्ड में चल रहे निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कोई कमी, अनियमितता या लापरवाही दिखाई दे तो उसकी जानकारी तत्काल नगर पालिका प्रशासन अथवा उन्हें स्वयं दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों की निगरानी में जनता की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है और सभी के सहयोग से ही एक बेहतर एवं विकसित नौतनवा का निर्माण संभव है।
अध्यक्ष के इस आकस्मिक निरीक्षण की चर्चा पूरे नगर में रही।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


