सोनौली में घटिया सड़क निर्माण पर मचा हड़कंप, शिकायत के बाद पहुंची पीडब्ल्यूडी टीम

सोनौली में घटिया सड़क निर्माण पर मचा हड़कंप, शिकायत के बाद पहुंची पीडब्ल्यूडी टीम
रातों-रात आनन-फानन में कराया गया सड़क निर्माण, सुबह खुली गुणवत्ता की पोल; सपा युवा नेता बैजू यादव की शिकायत के बाद हरकत में आया लोक निर्माण विभाग
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
कस्बे के पुराने एसएसबी रोड पर श्रीराम-जानकी मंदिर चौराहे के पास से पिपरहिया तक कराए गए सड़क निर्माण में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि सड़क का निर्माण देर रात आनन-फानन में कराया गया और काम पूरा करने के बाद जिम्मेदार मौके से गायब हो गए। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर नई बनी सड़क पर पड़ी तो निर्माण की गुणवत्ता देखकर लोगों में नाराजगी फैल गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों और गुणवत्ता का अपेक्षित ध्यान नहीं रखा गया। सड़क की स्थिति देखकर लोगों ने निर्माण कार्य की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के युवा नेता बैजू यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, महाराजगंज सहित प्रदेश स्तर के अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत पहुंचते ही लोक निर्माण विभाग में हड़कंप मच गया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बुधवार दोपहर लोक निर्माण विभाग की टीम सोनौली पहुंची और श्रीराम-जानकी मंदिर चौराहे से पिपरहिया तक कराए गए सड़क निर्माण का मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया। टीम ने सड़क की स्थिति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को देखा तथा आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
मौके पर विभागीय टीम ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि सड़क पर दोबारा आवश्यक कार्य कराया जाएगा, ताकि निर्माण की गुणवत्ता बेहतर हो सके।
रात के अंधेरे में निर्माण, सुबह उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस सड़क का निर्माण सार्वजनिक धन से कराया जा रहा है, उसमें गुणवत्ता की निगरानी आखिर किस स्तर पर की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण के दौरान विभागीय स्तर पर नियमित निगरानी होती तो सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने की नौबत ही नहीं आती।
अब विभागीय टीम के निरीक्षण के बाद लोगों की निगाह इस बात पर टिकी है कि सड़क पर पुनः कार्य कब शुरू होता है और इस बार निर्माण में मानकों का कितना पालन किया जाता है।
सोनौली नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रत्याशी रहे बैजू यादव ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि दोबारा भी गुणवत्ता से समझौता हुआ तो मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *