सोनौली में सिपाही की दरियादिली, लोग बोले – वाह! टक्कर मारी, फिर भी माफ किय।

सोनौली में सिपाही की दरियादिली, लोग बोले – वाह! टक्कर मारी, फिर भी माफ किय।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली कस्बे के राम जानकी चौराहे पर आज दोपहर यातायात व्यवस्था संभाल रहे एक सिपाही को एक वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में सिपाही बाल-बाल बच गया, लेकिन वहां मौजूद लोगों का गुस्सा चालक पर फूट पड़ा और उन्होंने वाहन को घेर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रामजानकी चौराहे पर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए जवान तैनात थे। इसी दौरान एक वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ड्यूटी पर तैनात सिपाही को ही ठोकर मार दी।
घटना को देखकर वहां खड़े लोगों ने चालक की इस हरकत पर आक्रोश जताया और वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। माहौल तनावपूर्ण होता देख लोग चालक के साथ सख्ती से पेश आने लगे।
सिपाही ने दिखाई मानवता
लेकिन इसी बीच घायल होते-होते बचे सिपाही ने जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया। सिपाही ने खुद आगे आकर आक्रोशित लोगों से चालक को बचाया और भीड़ को शांत कराया।
चालक ने मौके पर ही अपनी गलती मानते हुए सिपाही से क्षमा याचना की। सिपाही ने मानवता दिखाते हुए चालक को माफ कर दिया और उसे छोड़ दिया। चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
लोग कर रहे प्रशंसा
सिपाही की इस दरियादिली की पूरे सोनौली में चर्चा हो रही है। वहां मौजूद लोगों ने कहा कि अगर सिपाही चाहता तो चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकता था, लेकिन उसने इंसानियत को वर्दी से ऊपर रखा।
लोगों का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मियों की वजह से ही पुलिस पर लोगों का भरोसा बना रहता है। सोशल मीडिया से लेकर चौराहे तक लोग सिपाही की प्रशंसा करते नहीं थक रहे हैं।

महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *