लोकसभा उपचुनाव: गोरखपुर में 43 और फूलपुर में 37.39 फीसदी मतदान, 12 फीसदी तक गिरावट
लोकसभा उपचुनाव: गोरखपुर में 43 और फूलपुर में 37.39 फीसदी मतदान, 12 फीसदी तक गिरावट
आई एन न्यूज ब्यूरो, गोरखपुर।
उत्तर प्रदेश की दो सबसे वीआईपी लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की वोटिंग संपन्न हो गई है। फूलपुर और गोरखपुर की सीटों पर इस बार पिछले चुनावों के मुकाबले कम मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ के गृहक्षेत्र गोरखपुर में शाम पांच बजे तक 43 फीसदी वोटिंग हुई, वहीं फूलपुर में 37.39 फीसदी मतदान हुआ है। आयोग से अंतिम जानकारी आने पर इस आंकड़े में थोड़ा-बहुत फेरबदल हो सकता है।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला और यह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ बूथों पर ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के खराब होने की शिकायतें आईं। तत्काल मशीनों को बदल दिया गया। इस बार मतदाताओं में उत्साह की कमी नजर आयी, जिसकी वजह से कम लोगों ने मतदान किया। स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
2014 में इन दोनों सीटों पर बीजेपी ने बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। यहां तक कि एसपी, बीएसपी और कांग्रेस को मिले सम्मिलित वोट भी बीजेपी के विजयी उम्मीदवार से कम थे। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान फूलपुर में 50.20 फीसदी मतदान हुआ था, जबकि गोरखपुर में 54.64 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। यानी मतदान में पिछले चुनाव के मुकाबले 11-12 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।








































