भगवानपुर मे एसएसबी और ग्रामीणो के बीच चले ईट पथ्थर
—
आई एन न्यूज सतोनौली ब्यूरो / महराजगंज
ग्रामीण महिलाएं समेत सैकड़ों लोगों ने बुधवार दोपहर 12 बजे सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर स्थित एसएसबी की बीओपी चौकी पर हंगामा किया। ग्रामीणों को खदेड़ने गए जवानों और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। ग्रामीणों का आरोप था कि कुछ जवानों ने ग्राम प्रधान पति के साथ मारपीट की है। ग्रामीणों ने इसको लेकर भगवानपुर स्टैण्ड के पास जाम लगा दिया। सीओ और एसएसबी कमांडेंट के आश्वासन के बाद जाम हट सका।
बुधवार को भगवानपुर, अहिरौली, रेहरा, हलंगा, इस्लामपुर, रघुनाथपुर, मैनिहवा, मदरी, जसवल समेत कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण एसएसबी की भगवानपुर बॉडर्र आउटपोस्ट (बीओपी) चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। लोगों को हंगामा करता देख ड्यूटी पर तैनात एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों को भगाने की कोशिश की तो दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें टिंकू, राजेश, मकसूद, अशोक कुमार, मुबारक आदि समेत कुछ जवान भी घायल हो गए। मगर आक्रोशित ग्रामीण भागने के बजाए कार्रवाई की मांग करने लगे । मंगलवार देर रात अहिरौली ग्राम प्रधान पति त्रिपुरारी यादव अपने भाई बृजेश के साथ घर लौट रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि भगवानपुर बीओपी के पास नशे में धुत जवानों ने उन्हें रोक लिया। फिर उन्हें कैम्प के अंदर ले गए और वहां रखी दो पेटी शराब के साथ उनकी फोटो खींचने लगे। ग्रामीणों ने अफसरों को यहां तक बताया कि विरोध करने पर जवानों ने दोनों को पीट-पीट कर घायल कर दिया था।
हंगामे की सूचना मिलते ही एसएसबी कमांडेंट के साथ सीओ नौतनवा भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। मगर ग्रामीण नहीं माने। इससे अधिकारियों ने आरोपित जवानों के निलम्बन और भगवानपुर चौकी से हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।








































