महाराजगंज के डीएम समेत पांच निलंबित
महाराजगंज के डीएम समेत पांच निलंबित
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: डीएम महराजगंज सहित पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। कई जिलों से लगातार आ रही गोवंश आश्रय केंद्रों में शिथिलता के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज में बड़ा कदम उठाया है।
संख्या से कम गाय पाए जाने व वित्तीय अनियमितताओं के चलते मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी समेत पांच अधिकारियों को सस्पेंड करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्य सचिव आरके तिवारी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महराजगंज के मधुबलिया में निराश्रित गोवंश रखने की जांच में 2500 गोवंश होना चाहिए था लेकिन भौतिक निरीक्षण में 954 ही पाए गए।
उन्होंने कहा कि अपर आयुक्त (गोरखपुर मंडल) ने इसकी जांच की और पाया कि जिला स्तर के अधिकारियों ने शिथिलता बरती। इसके साथ ही जांच में गोवंश में कमी होने के कारण गंभीर वित्तीय अनियमितता पाई गई है।
इन पर गिरी गाज:
1-जिलाधिकारी महाराजगंज-अमरनाथ उपाध्याय
2-तत्कालीन उपजिलाधिकारी निचलौल, देवेंद्र कुमार
3-वर्तमान उप जिलाधिकारी सत्यम मिश्रा
4- मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी निचलौल, वीके मौर्य
5-मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी महाराजगंज, डॉ. राजीव उपाध्याय


