लखनऊ में बाइकसवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से किया छलनी मौत
लखनऊ में बाइकसवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से किया छलनी मौत ।
आई एन न्यूज लखनऊ डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।गुरुवार रात बदमाशों ने जानकीपुरम थाना क्षेत्र में एक प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए, लहूलुहान प्रापर्टी डीलर को फौरन ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम हत्या की सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हत्यारों का सुराग ढूंढने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रहे है।
प्राप्त खबरों के अनुसार जानकीपुरम थाना क्षेत्र के गड़रियन पुरवा मे अपने परिवार के साथ रह रहे 52 वर्षीय अवधेश कुमार अवस्थी प्रापर्टी डीलर का काम करते थे। अवधेश गुरुवार देर शाम इलाके में स्थित सृष्टि अपार्टमेंट में अपने एक दोस्त की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान वहां आए बाइकसवार बदमाशों ने अवधेश कुमार अवस्थी पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायर किया। जिसमें अवधेश को तीन गोलियां लगी और वो बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस अवधेश को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रॉपर्टी डीलर के बेटे ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उनके पिता की पुरानी रंजिश के तहत हत्या की गई है
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कहा कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतक के बेटे ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। नैथानी के मुताबिक एएसपी टीजी सीओ क्राईम और सीओ अलीगंज के नेतृत्व मे टीमों का गठन किया गया है। उनका कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश प्रतीत हो रही है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने मृतक प्रॉपर्टी डीलर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ( उत्तर प्रदेश)





