महराजगंज: जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी शुरू, आपरेशन भी हो सकेंगे
महराजगंज: जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी शुरू, आपरेशन भी हो सकेंगे
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क: कोविड-19 यानि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अस्पतालों की स्थगित की गयीं आकस्मिक और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को बहाल करने के बाद अब अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को भी शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं । इसके चलते बहुत से लोगों के जरूरी आपरेशन भी कुछ समय से लंबित चल रहे थे जिससे उनकी परेशानी बढ़ती जा रही थी। उनके लिए ख़ुशी की बात है कि अब उनके आपरेशन भी हो सकेंगे ।
प्रमुख सचिव-स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के पत्र के हवाले से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाँ अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना वायरस को देखते हुए कुछ जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को लम्बे समय तक नहीं रोका जा सकता । इसलिए संयुक्त जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ ही निजी चिकित्सालयों में तत्काल जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं को शुरू किया जाए । इस दौरान पूर्ण सावधानी और प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा । अस्पतालों को जिन जरूरी सेवाओं को शुरू करने को कहा गया है उनमें सर्जरी से सम्बंधित ओपीडी सेवाएं भी शामिल हैं, लेकिन सामान्य ओपीडी अभी स्थगित रहेगी ।
—–
कौन-कौन सी सेवाएं शुरू करने के निर्देश
– रेबीज व अन्य टीकाकरण की सुविधा
– टीबी की जाँच व उपचार की सुविधा
– एचआईवी की जाँच एवं उपचार के लिए आईसीटीसी व एआरटी सेंटर शुरू होंगे
– जिला चिकित्सालयों व सीएचसी में चलने वाले असाध्य रोग केंद्र (एनसीडी क्लीनिक)
– गर्भवती की जाँच एवं उपचार की सुविधा
– दो वर्ष तक के बीमार शिशुओं के लिए जाँच व उपचार । इसके लिए सरकारी क्षेत्र में 102 एम्बुलेंस का उपयोग ज्यादा से ज्यादा किया जाए
– गर्भ समाधान एवं नसबंदी की सुविधा
– डाइग्नोस्टिक इमेजिंग एवं प्रयोगशाला



