गोरखपुर को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, 1500 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण- शिलान्यास
गोरखपुर को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, 1500 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण- शिलान्यास
आई एन न्यूज गोरखपुर डेस्क: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर को एक बार फिर बड़ी सौगात देते हुए आज शनिवार को करीब 1500 करोड़ रुपये की 146 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मानबेला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने रोड कनेक्टिविटी, सीवरेज, चिकित्सा, पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए गोरखपुर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश जाति, मत, मजहब के नाम पर बांटने वाली ताकतों के हाथों कमजोर होता जा रहा था। ऐसे तत्व समाज को दंगों की आग में झोंकते थे और खुद तथा अपने परिवार के विकास में लगे रहते थे। लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद पिछले आठ वर्षों में प्रदेश माफिया, गुंडा और दंगामुक्त हो चुका है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान विकास और सुशासन के रूप में हो रही है।
सीएम योगी ने कहा, “विकास का कोई विकल्प नहीं होता है। जो लोग विकास नहीं करा सकते, वे समाज को जाति, मत, भाषा और मजहब के नाम पर बांटने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों को पहचानना जरूरी है, क्योंकि मौका मिलने पर वे जनता के बजाय केवल अपने और अपने परिवार के हित में कार्य करते हैं।”
मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश में हुए बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि 2014 से पहले का भारत भ्रष्टाचार, आतंकवाद और नक्सलवाद की चुनौतियों से जूझ रहा था। नौजवानों के सामने कोई स्पष्ट दिशा नहीं थी। लेकिन पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा, “आज नया भारत विरासत और विकास दोनों का समन्वय करते हुए आगे बढ़ रहा है। आतंकवाद और नक्सलवाद की चुनौती को समाप्त कर देश को सुरक्षा और समृद्धि की ओर अग्रसर किया गया है। उत्तर प्रदेश भी उसी दिशा में बढ़ रहा है और गोरखपुर उसका सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रही। गोरखपुर के लोगों ने इन विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
गोरखपुर उत्तर प्रदेश








































