नौतनवा में नाबालिग चोर बालिका का आतंक, पुलिस की ढीली कार्यशैली, व्यापारियों में आक्रोश
नौतनवा में नाबालिग चोर बालिका का आतंक, पुलिस की ढीली कार्यशैली, व्यापारियों में आक्रोश
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: व्यापारिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण कस्बा नौतनवा इन दिनों एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका की चोरियों को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से कस्बे के विभिन्न दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही इस लड़की को दुकानदारों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान बालिका के पास से नगदी और मोबाइल भी बरामद हुए, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हालांकि, आश्चर्य की बात यह रही कि पुलिस ने देर शाम तक बालिका को थाने में रखने के बाद बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया। इसके बाद अगली सुबह ही वह पुनः नगर में सक्रिय हो गई और माता बनैलिया मंदिर में आयोजित मांगलिक कार्यक्रमों के दौरान बाहर से आए लोगों के मोबाइल समेटते हुए पकड़ी गई। लोगों ने एक बार फिर उसे पकड़कर नौतनवा पुलिस को सौंप दिया।
दो बार चोरी की घटनाओं में पकड़े जाने के बावजूद पुलिस का इस पूरे मामले को लेकर ढुलमुल रवैया सामने आया है, जिससे नगर के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस बार-बार उसे नाबालिग बताकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रही है, जिसका नतीजा यह है कि बालिका निर्भय होकर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही है।
व्यापारियों ने बताया कि नौतनवा की सड़कों पर खुलेआम घूम रही यह लड़की कस्बे के पुराने नौतनवा क्षेत्र स्थित अपनी मां के घर आई हुई है, जबकि वह मूल रूप से सिद्धार्थनगर जनपद के मेहदावल की निवासी है। सूत्रों के मुताबिक, मेहदावल में भी वह चोरी के आरोप में पकड़ी गई थी और वहां से उसे बाल आश्रय गृह भेजा गया था, जहां से छूटने के बाद अब वह नौतनवा पहुंची है।
नगर के व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और बार-बार पकड़ी जा रही नाबालिग चोर के मामले को गंभीरता से लिया जाए।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





