श्रावण माह में पनीर रोल की जगह चिकन रोल खिलाने वाले दो गिरफ्तार, जेल
सावन माह में पनीर रोल की जगह चिकन रोल खिलाने वाले दो गिरफ्तार, जेल
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा कस्बे के ठुठीबारी तिराहे पर स्थित एक फास्ट फूड की दुकान पर उस समय विवाद हो गया जब श्रावण के पवित्र माह में पनीर रोल माँगने पर ग्राहक को चिकन रोल दे दिया गया। इससे ग्राहक और उनके परिजनों की धार्मिक भावना को गहरी ठेस पहुँची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त दुकान के मालिक मोहम्मद शमीम पुत्र गुलाम दस्तगीर उम्र लगभग 38 वर्ष निवासी गुलाल पुरवा, थाना फखरपुर, जनपद बहराइच हैं, जो वर्तमान में वार्ड नंबर 06 वाल्मिकी नगर, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज में रह रहे हैं। उनके साथ दुकान पर कार्यरत कर्मचारी तुफैल अहमद पुत्र अनवर मोहम्मद उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी रानीगंज, थाना केसरगंज, जनपद बहराइच, भी उसी पते पर रह रहे हैं।
घटना रविवार को उस समय हुई जब महुअवा नं0-01 गोपलापुर, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज निवासी देवेश साहनी पुत्र प्रभुदयाल साहनी व उनके बड़े भाई गणेश साहनी ने श्रावण माह के चलते पनीर रोल माँगा, लेकिन उन्हें चिकन रोल परोस दिया गया। जब उन्हें इसका पता चला तो उन्होंने गहरी आपत्ति जताई और इसको अपनी धार्मिक भावना के खिलाफ बताया।
सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस सक्रिय हुई और मंगलवार सुबह गाँधी चौक के पास स्थित उक्त दुकान से दुकान मालिक मोहम्मद शमीम और कर्मचारी तुफैल अहमद को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष नौतनवा पुरुषोत्तम राव ने बताया कि दोनों आरोपियों को धार्मिक भावना आहत करने के मामले में धारा 170/126/135 बीएनएसएस (भारतीय न्याय संहिता) के अंतर्गत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





