सोनौली: महुअवा समिति पर खाद को लेकर किसानों का हंगामा, पुलिस की निगरानी में शुरू हुआ वितरण
सोनौली: महुअवा समिति पर खाद को लेकर किसानों का हंगामा, पुलिस की निगरानी में शुरू हुआ वितरण
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के महुअवा बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड पर बुधवार सुबह खाद को लेकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। यूरिया खाद के वितरण के दौरान भारी भीड़ के चलते अफरा-तफरी मच गई और किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरण का कार्य फिर से शुरू हो सका।
मिली जानकारी के अनुसार, समिति पर मंगलवार सुबह लगभग 300 बोरी यूरिया खाद आने की सूचना क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान सुबह 8:00 बजे से ही समिति पर जुटने लगे। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, लाइन बेकाबू होती गई और किसानों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति ऐसी हो गई कि कुछ देर के लिए खाद वितरण को रोकना पड़ा।
किसानों का आरोप है कि बड़े काश्तकारों और रसूखदार लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि छोटे किसान घंटों से लाइन में लगे रहने के बावजूद खाली हाथ लौट रहे हैं। एक किसान ने गुस्से में कहा, “सुबह से लाइन में खड़े हैं, अब तक खाद नहीं मिला। हम छोटे किसान हैं, हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।”
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभाली। पुलिस ने किसानों को लाइन में खड़ा करवाया और समिति कर्मियों की निगरानी में खाद वितरण दोबारा शुरू कराया।
इस संबंध में समिति के सचिव मोतीलाल यादव ने बताया कि, “आज कुल 300 बोरी खाद आई थी जबकि किसान बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। सभी को खाद देना संभव नहीं हो पाया है, लेकिन जैसे ही अगली खेप आएगी, सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाएगा।”
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





