जिलाधिकारी का डाइट महराजगंज के औचक निरीक्षण से हड़कंप
डीएम संतोष शर्मा ने डाइट महराजगंज का किया औचक निरीक्षण
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क:
जिलाधिकारी महराजगंज संतोष शर्मा ने आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) महराजगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव तथा परिसर की साफ-सफाई का गहनता से जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ कक्षों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की गई, जिसमें कुछ अनियमितताएं सामने आईं। डीएम ने समय पालन और कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति भी देखी और निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दस्तावेज सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रूप में उपलब्ध रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी शैक्षिक संस्था में अनुशासन और स्वच्छ वातावरण न सिर्फ वहां कार्यरत कर्मचारियों के लिए आवश्यक है, बल्कि यह प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
निरीक्षण के अंत में श्री शर्मा ने संस्थान के प्रधानाचार्य एवं अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता और कार्य संस्कृति को प्राथमिकता दी जाए, जिससे शैक्षिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





