सोनौली बॉर्डर: नेपाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारतीय एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सोनौली बॉर्डर: नेपाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹18.45 लाख के अवैध सामान बरामद, भारतीय एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
आई एन न्यूज भैरहवा, रुपन्देही,नेपाल :
नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र सोनौली परिक्षेत्र में एक बार फिर तस्करी का बड़ा जाल बेनकाब हुआ है। नेपाल पुलिस ने भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता की पोल खोलते हुए सोमवार को बेलहिया (सियारी गाउँपालिका–१) और बसन्तपुर (ओमसतिया गाउँपालिका–४) से लगभग ₹18.45 लाख (नेपाली मुद्रा) मूल्य के अवैध सामान बरामद किए हैं, जो भारत से नेपाल में चोरी-छिपे लाए जा रहे थे।
बरामद सामानों में कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घरेलू उपयोग की अन्य सामग्रियाँ शामिल हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए गए दो ई-रिक्शा और एक भारतीय नंबर प्लेट की कार को भी जब्त कर लिया गया है।
नेपाल पुलिस ने इस मामले में दो नेपाली नागरिकों और तीन भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियाँ तस्करी के इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।
रुपन्देही जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है। यह कार्रवाई न केवल नेपाल पुलिस की चौकसी और तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी सवाल उठाती है कि भारतीय सीमा सुरक्षा एजेंसियाँ इस तरह के अवैध व्यापार को रोकने में कहां चूक कर रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई नेपाल में बढ़ती तस्करी पर लगाम कसने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





