नौतनवा: मोबाइल कवर लगाने के विवाद में दुकानदार का सिर फटा, हालत गंभीर
नौतनवा: मोबाइल कवर लगाने के विवाद में दुकानदार का सिर फटा, हालत गंभीर
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
नौतनवा कस्बे के जयहिंद चौराहे के पास स्थित एक मोबाइल दुकान पर कवर लगवाने के दौरान पैसे को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार शाम गंभीर रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दुकान में मौजूद लोगों के बीच मारपीट हो गई और मोबाइल दुकानदार का सिर फट गया। घायल दुकानदार की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी नौतनवा रामजी गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया। मोबाइल विक्रेता सोनू ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई फरहान की हालत गंभीर है और आरोपित लोग दुकान में घुसकर मारपीट कर फरार हो गए। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चौकी प्रभारी रामजी गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। घटना की सत्यता जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





