पुआल चोरी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने 80 वर्षीय दलित बुजुर्ग को पीटा, पुलिस कार्रवाई से इंकार
पुआल चोरी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने 80 वर्षीय दलित बुजुर्ग को पीटा, पुलिस कार्रवाई से इंकार
दलित बुजुर्ग न्याय की गुहार लेकर पहुंचे सीओ कार्यालय।
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क:
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के मेंहदी टोला में पुआल चोरी का विरोध करना एक 80 वर्षीय दलित बुजुर्ग को भारी पड़ गया। पुआल चोरी कर रहे मनबढ़ लोगों ने बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी। वहीं घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से किसी प्रकार की कार्रवाई न होने से पीड़ित थाने के चक्कर काटने को मजबूर है। न्याय न मिलने से हताश होकर बुजुर्ग ने बुधवार को सीओ निचलौल के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित बरसाती, निवासी सोनबरसा बेलवा घाट ने क्षेत्राधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी उम्र लगभग 80 साल है तथा वे आर्थिक तंगी के कारण कृषि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। 17 नवंबर को वे चैनपुर गांव के मेंहदी टोला में पुआल को व्यवस्थित करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने देखा कि कुछ लोग उनका पुआल चुराकर ले जा रहे हैं।
जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपितों ने न केवल उन्हें जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया, बल्कि गोलबंद होकर उनकी बुरी तरह पिटाई भी की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान आसपास खेतों में काम कर रहे मजदूरों के पहुंचने पर उनकी जान बच सकी।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद वह डरते-सहमे थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की, लेकिन उनकी बात सुनने को तैयार कोई नहीं हुआ। तीन दिन बीतने के बाद भी कोठीभार पुलिस की ओर से किसी प्रकार की कार्रवाई न होते देख उन्होंने सीओ कार्यालय में गुहार लगाई।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





