भारत में अवैध रूप से घुसपैठ कर रही चीन की महिला गिरफ्तार, विदेशी अधिनियम में भेजी गई जेल
भारत में अवैध रूप से घुसपैठ कर रही चीन की महिला गिरफ्तार, विदेशी अधिनियम में भेजी गई जेल
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा थाना क्षेत्र के बैरिया बाजार के पास शुक्रवार को एक संदिग्ध विदेशी महिला को नौतनवा पुलिस ने हिरासत में लिया। विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों द्वारा पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को विदेशी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला का नाम जेहुआ (महिला) उम्र लगभग 36 वर्ष पता रानमू चाली टाउनशिप,आबा काउंटी, सिचुआन प्रान्त,क्रमांक 109, समूह-1, डूवो कून गांव,चीनी जनवादी गणराज्य है, जो चीन की नागरिक है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला अवैध तरीके से नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बैरिया बाजार तक पहुंची है।
बताया गया कि महिला बैरिया बाजार से एक कार के माध्यम से गोरखपुर की ओर रवाना होने वाली थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर नौतनवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर संबंधित एजेंसियों के माध्यम से गहन पूछताछ की गई।
इस संबंध में नौतनवा थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि पकड़ी गई महिला चीन की नागरिक है और उसके पास भारत में प्रवेश या ठहरने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला को विदेशी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां महिला के भारत आने के उद्देश्य, संपर्कों और नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही हैं, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





