नौतनवा में दिल दहला देने वाली घटना: एसएसबी जवान के पति ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद भी लगाई फांसी
नौतनवा में दिल दहला देने वाली घटना: एसएसबी जवान के पति ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद भी लगाई
फांसी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
कस्बे के गांधीनगर वार्ड में रविवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां किराए के मकान में रह रहे एसएसबी में तैनात महिला जवान के पति ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद स्वयं भी पंखे से फंदा बनाकर लटककर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, नौतनवा के दो मुहान घाट स्थित एसएसबी हेड क्वार्टर में तैनात एक महिला जवान का परिवार गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान में रहता था। रविवार को किसी समय महिला जवान के पति अमरेश कुमार ने पहले अपने दो बच्चों की हत्या कर दी और इसके बाद कमरे में ही पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ एसएसबी विभाग में भी हड़कंप मच गया। एसएसबी के अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटाने लगे।
पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव को घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





