महराजगंज में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक
महराजगंज में उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क:
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान परीक्षा से संबंधित समस्त तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह शुचितापूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में कराई जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग तथा अन्य अनुचित साधनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों, कर्मचारियों या पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार यह बैठक जनपद में शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप परीक्षा की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।





