नौतनवा: गैस सिलेंडर के लिए हंगामा, आक्रोशित उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम
नौतनवा: गैस सिलेंडर के लिए हंगामा, आक्रोशित उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
कस्बे में गैस सिलेंडर न मिलने तथा केवाईसी और बुकिंग की प्रक्रिया ठप रहने के कारण गुरुवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नौतनवा–गोरखपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
बताया जा रहा है कि उपभोक्ता पिछले तीन दिनों से गैस एजेंसी पर केवाईसी कराने, बुकिंग कराने और सिलेंडर लेने के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो उनकी बुकिंग हो पा रही है और न ही केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। त्योहार और लगन के सीजन में गैस की मांग बढ़ने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ रही थी।
गुरुवार को आक्रोशित उपभोक्ता, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, गैस एजेंसी के विरोध में सड़क पर उतर आए और नौतनवा–गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। अचानक लगे जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस एजेंसी के मैनेजर धनंजय पांडेय को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने उपभोक्ताओं को बताया कि सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण केवाईसी और बुकिंग का कार्य बाधित हो गया है। सर्वर ठीक होते ही सभी उपभोक्ताओं का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले से बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल रही है और पर्ची कटवाने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ रही है। लाइन में लगने के बाद भी सर्वर खराब होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया जाता है।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि सड़क जाम होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया गया था।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।





