नशा मुक्त भारत का संदेश लेकर नौतनवा में एसएसबी जवानों की साइकिल रैली

नशा मुक्त भारत का संदेश लेकर नौतनवा में एसएसबी जवानों की साइकिल रैली
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार सुबह एसएसबी की 66वीं वाहिनी के जवानों ने जन जागरूकता के उद्देश्य से एक साइकिल रैली का आयोजन किया। यह रैली नौतनवा के छपवा तिराहे से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए भगत सिंह चौराहे तक पहुंची और पुनः छपवा स्थित सब हेडक्वार्टर लौट गई।
देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच निकली इस रैली ने पूरे नगर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। जवानों के उत्साह और अनुशासन ने लोगों को प्रभावित किया। रैली के दौरान जवानों के हाथों में विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां थीं, जिनके माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
तख्तियों पर लिखे संदेश जैसे “नशा एक अभिशाप है”, “नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन अपनाएं” और “युवा देश का भविष्य हैं, नशे से बचें” लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे थे। जवानों ने लोगों से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज को सुरक्षित रखें।
इस साइकिल रैली का उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और विशेषकर युवाओं को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना था।
एसएसबी की इस पहल ने यह संदेश दिया कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »