जयमाल की मुस्कान थम गई: एक रात में उजड़ गया भाई का सपना, नाच के विवाद में चली गई जान
जयमाल की खुशियां मातम में बदलीं: नाचने के विवाद में दूल्हे के भाई की मौत
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरगदही में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान नाचने को लेकर हुआ मामूली विवाद जानलेवा साबित हो गया। इस घटना में दूल्हे के बड़े भाई विनोद प्रजापति की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम चडलहा से बीती रात एक बारात बरगदही गांव में दीनानाथ प्रजापति के घर आई थी। जयमाल के दौरान बारातियों और घरातियों के बीच नाचने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने दूल्हे के बड़े भाई विनोद प्रजापति के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। उधर, शादी की रस्में किसी तरह पूरी कर ली गईं, लेकिन सुबह इलाज के दौरान विनोद प्रजापति ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही चडलहा गांव के लोग आक्रोशित हो उठे। परिजन और ग्रामीण युवक के शव को लेकर बरगदही गांव पहुंचे और लड़की पक्ष के दरवाजे पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


