रामनगर पंचायत की किरण: इंद्रावती ने संभाली कमान, सम्मान समारोह में उमड़ा पूरा गांव.

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को मिठाई खिलाकर शुभकामना देते हुए विधायक

रामनगर पंचायत की किरण: इंद्रावती ने संभाली कमान, सम्मान समारोह में उमड़ा पूरा गांव
आई एन न्यूज लक्ष्मीपुर डेस्क:
लक्ष्मीपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत रामनगर में प्रधान दयावंती के आकस्मिक निधन के बाद उत्पन्न शोक और प्रशासनिक शून्य के बीच अब नई व्यवस्था के साथ विकास की उम्मीद जाग उठी है। प्रशासन द्वारा अंतरिम व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत सदस्य इंद्रावती पत्नी जगलाल को प्रधान पद के दायित्वों के निर्वहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिम्मेदारी संभालते ही इंद्रावती ने एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों को सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह का आयोजन रामनगर चौराहे पर किया गया, जहां सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान गांव में उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि अब पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलेगी और लंबित योजनाएं जल्द पूरी होंगी। गौरतलब है कि प्रधान दयावंती के आकस्मिक निधन के बाद पंचायत का कार्य प्रभावित हो गया था, जिससे ग्रामीणों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित निर्णय लेते हुए इंद्रावती को अंतरिम रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी। जारी आदेश के अनुसार अब वे पंचायत के सभी कार्यों और विकास योजनाओं का संचालन करेंगी।
वहीं, प्रधान प्रतिनिधि के रूप में रामअचल यादव उर्फ दरोगा भी सक्रिय भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिससे पंचायत के कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें। इस नई व्यवस्था के बाद गांव में सकारात्मक माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि विकास की रफ्तार अब तेज होगी।
सम्मान समारोह के दौरान ग्राम पंचायत सदस्यों को सम्मानित किए जाने से उनमें भी उत्साह देखने को मिला। कुल मिलाकर रामनगर पंचायत में शोक के बीच अब एक नई शुरुआत और विकास की उम्मीद ने जन्म लिया है।
रामनगर ग्राम सभा के कमान संभालने वाली इंद्रावती के पुत्र रामअचल यादव को विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी ने मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »