नेपाल यातायात विभाग की मनमानी के खिलाफ भारतीय ट्रक चालकों का उग्र प्रदर्शन, चक्का जाम की चेतावनी

नेपाल यातायात विभाग की मनमानी के खिलाफ भारतीय ट्रक चालकों का उग्र प्रदर्शन, चक्का जाम की चेतावनी

आई एन न्यूज़ सोनौली डेस्क:

नौतनवा-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज़ गुरूवार को भारतीय मालवाहक ट्रक चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। नेपाल के भैरहवा स्थित यातायात विभाग की कथित मनमानी और अवैध जुर्माना वसूली के विरोध में ट्रक चालकों ने सोनौली बाईपास पर घंटों जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व नौतनवा ट्रक ऑपरेटर कल्याण समिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में किया गया।

प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों ने आरोप लगाया कि नेपाल यातायात विभाग भारत से नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों के आरसी लोडिंग मानकों को स्वीकार नहीं कर रहा है। अंडरलोड ट्रकों को भी ओवरलोड बताकर प्रति ट्रक लगभग 10 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जा रहा है।

चालकों का कहना है कि जुर्माने की राशि ऑनलाइन जमा करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भारत के विभिन्न राज्यों से आने वाले ट्रक चालक तकनीकी और समय संबंधी परेशानियों से जूझते रहते हैं। इसी दौरान देरी होने पर उनका भंसार (कस्टम प्रक्रिया) भी फेल हो जाता है, जिसके बाद अतिरिक्त जुर्माना भरने के लिए मजबूर किया जाता है।

नेपाल यातायात विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारतीय ट्रक चालकों में भारी आक्रोश देखा गया। चालकों ने सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के सोनौली बाईपास पर प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि यदि नेपाल प्रशासन की मनमानी पर जल्द रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।

ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष पप्पू खान ने कहा कि यह प्रदर्शन फिलहाल सांकेतिक है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ट्रक चालक चक्का जाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने इस गंभीर समस्या की ओर जिलाधिकारी महाराजगंज का भी ध्यान आकर्षित कराया है।

नेपाल यातायात विभाग की कार्रवाई के चलते सोनौली बॉर्डर से लेकर नौतनवा तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है, जिसमें सैकड़ों भारतीय मालवाहक ट्रक फंसे है। जाम के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। महाराजगंज उत्तर प्रदेश।.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *