अब घर बैठे करें अपने परिवार की स्व-गणना, नौतनवा पालिका अध्यक्ष ने की पहल

अब घर बैठे करें अपने परिवार की स्व-गणना, नौतनवा पालिका अध्यक्ष ने की पहल

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: जनगणना-2026 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत अब आम नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे स्वयं अपने परिवार की जनगणना कर सकेंगे। 7 मई से 21 मई तक चलने वाले विशेष स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान के तहत आज नौतनवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं नगर के प्रथम नागरिक बृजेश मणि त्रिपाठी ने अपने परिवार की स्व-गणना कर आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि सबसे पहले नागरिकों को अपने मोबाइल नम्बर के माध्यम से se.census.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद राज्य, जनपद, नगर, मकान संख्या एवं लोकेशन की जानकारी भरनी होगी। इसके पश्चात मैप पर अपने घर को लाल निशान के माध्यम से टैग करना अनिवार्य रहेगा।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर परिवार एवं मकान से जुड़े लगभग 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, टीवी, वाहन तथा परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी। सभी विवरण भरने के बाद “सबमिट” बटन दबाते ही नागरिकों को एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SEID) प्राप्त होगी। सत्यापन के लिए घर आने वाले जनगणना अधिकारी अथवा प्रगणक को यही SEID नम्बर दिखाना होगा।
पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोसियों और परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करें। साथ ही जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर सभासद अनिल मद्धेशिया, धर्मात्मा जायसवाल, सुरेन्द्र बहादुर जायसवाल, अनिल जायसवाल, अशोक कुमार, प्रमोद गौतम, लल्लू जायसवाल, अभय कुमार, दुर्गेश कुमार, राकेश जायसवाल, जनगणना प्रभारी दीपू प्रजापति, ब्लॉक सुपरवाइजर संतोष श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रगणक सूरज ओझा, जनगणना ऑपरेटर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *